जौनपुर। खेतासराय थाना क्षेत्र के सुम्भुलपुर गांव में शनिवार को एक 22 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला के विषाक्त पदार्थ का सेवन करने की बात सामने आई है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया गया कि सुम्भुलपुर गांव निवासी नैना देवी (22) पत्नी विजय सोनकर ने शनिवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। उस समय उनके पति घर से बाहर गए हुए थे। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया कि मृतका के दो जुड़वा बच्चे हैं। परिजनों के अनुसार, नैना देवी ने करीब दो वर्ष पहले विजय सोनकर से प्रेम विवाह किया था। वह खेतासराय बाजार के पीछे रहने वाले स्वर्गीय कुमार सोनकर की पुत्री थीं।
घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, हालांकि महिला ने विषाक्त पदार्थ का सेवन किन परिस्थितियों में किया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आवाज़ न्यूज़

