जौनपुर। जिले में चीनी के भंडारण को लेकर चल रही जांच के दौरान विभिन्न व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर स्टॉक का सत्यापन किया गया। जांच में अलग-अलग स्थानों पर चीनी का भंडारण पाया गया, हालांकि अधिकारियों के मुताबिक सभी डीलरों के यहां उपलब्ध स्टॉक भारत सरकार द्वारा निर्धारित 4,000 क्विंटल की सीमा के भीतर मिला।
जांच के दौरान रसूलाबाद में 800 क्विंटल, श्री श्याम स्टोर गल्ला मंडी में 650 क्विंटल, बाबू राम दिनेश कुमार के यहां 500 क्विंटल, लक्ष्मी ट्रेडर्स कलेक्टरगंज शाहगंज में 150 क्विंटल, देवेंद्र सिंह-जितेंद्र सिंह कलेक्टरगंज शाहगंज में 243 क्विंटल तथा मनीष ट्रेडर्स रामपुर में 600 क्विंटल चीनी का स्टॉक पाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि जांच में किसी भी डीलर के यहां निर्धारित सीमा से अधिक चीनी का भंडारण नहीं मिला। इसके साथ ही सभी व्यापारियों को खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के पोर्टल पर अपने स्टॉक का पंजीकरण कराने और प्रत्येक शुक्रवार को स्टॉक से संबंधित जानकारी अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं।
व्यापारियों को यह भी हिदायत दी गई है कि चीनी का स्टॉक 30 दिनों से अधिक समय तक भंडारित न किया जाए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित सीमा का उल्लंघन करने या भंडारण संबंधी नियमों का पालन नहीं करने वाले व्यापारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य चीनी के भंडारण पर निगरानी बनाए रखना और बाजार में इसकी उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
आवाज़ न्यूज़

