Jaunpur News जौनपुर में समाधान दिवस: डीएम-एसएसपी ने सुनी फरियाद, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0


जौनपुर। तहसील सदर में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।


जिलाधिकारी ने कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि उसकी गुणवत्ता और निष्पक्षता का भी ध्यान रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करने तथा कार्रवाई से शिकायतकर्ता को संतुष्ट कराने के निर्देश दिए।


एसएसपी ने पुलिस से संबंधित शिकायतों पर प्रभावी एवं नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी शिकायत के निस्तारण में अनावश्यक देरी न हो और पीड़ित की समस्या को गंभीरता से लिया जाए।


राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़े मामलों में दोनों विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ मौके की स्थिति की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। डीएम और एसएसपी ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

अधिकारियों ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। इसलिए सभी विभाग शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए समयबद्ध कार्रवाई करें।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)