जौनपुर। खेतासराय थाना क्षेत्र में हुए दूल्हे हत्याकांड में पुलिस ने अहम कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपियों को शरण देने वाले 8 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक, हत्याकांड के मुख्य आरोपी अब भी फरार हैं और उन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित है।
जानकारी के अनुसार, सोंगर मोड़ के पास स्थित कब्रिस्तान के आसपास इन आरोपियों ने फरार बदमाशों को छिपने की जगह दी और भागने में मदद की। इसी आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में थाना खेतासराय पर मुकदमा संख्या 91/2026 दर्ज कर धारा 253, 212, 132, 109, 191(2), 191(3) व 190 बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय भेजा जा रहा है।
गिरफ्तार किए गए लोगों में रामजीत बिंद (मनेछा), आदित्य गौतम (यूनुसपुर), कमलेश यादव (सोधी), गुलशन राजभर, साहिल राजभर व सचिन राजभर (तीनों तरसांवा), शोले राजभर (जपटापुर) और बृजमोहन बिंद (संदहा) शामिल हैं।
थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

