आवाज़ न्यूज़ | संवाददाता - सुजीत वर्मा, ब्यूरो चीफ
जौनपुर: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता बिंद ने जनपद जौनपुर में महिला सुरक्षा और कल्याण योजनाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए कई स्थानों पर निरीक्षण और जनसुनवाई की। उन्होंने महिला उत्पीड़न की रोकथाम, पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए।
स्कूल में बालिकाओं की सुरक्षा पर संवाद
निरीक्षण की शुरुआत सेंट पैट्रिक स्कूल, सिद्दीकपुर से हुई, जहाँ उन्होंने बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर छात्राओं, अध्यापिकाओं और प्रधानाचार्य से संवाद किया और उन्हें महिला अधिकार और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया।
जनसुनवाई कक्ष में डीएम से चर्चा
इसके बाद कलेक्ट्रेट स्थित जनसुनवाई कक्ष में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र से महिला संबंधी विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
वन स्टॉप सेंटर और अस्पताल का निरीक्षण
करंजाकला स्थित वन स्टॉप सेंटर के निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई की खराब व्यवस्था पर नाराजगी जताई और सेंटर मैनेजर को सुधार के निर्देश दिए।
उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में पंजीकरण कक्ष, ओपीडी, पैथोलॉजी व दवा वितरण केंद्र का निरीक्षण कर मरीजों से संवाद किया। उन्होंने निर्देश दिया कि बाहरी दवाएं न लिखी जाएं और अस्पताल में पीने का पानी, बैठने की समुचित व्यवस्था हो।
जेल और महिला जनसुनवाई का आयोजन
जिला कारागार में महिला बंदियों से संवाद कर उनकी स्वास्थ्य सुविधाओं और दैनिक जरूरतों की जानकारी ली। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के निर्देश दिए।
विकास खंड सोधी में आयोजित महिला जनसुनवाई में महिला ग्राम प्रधानों और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद हुआ। कुल चार शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
महिला कल्याण योजनाओं की जानकारी
जिला प्रोबेशन अधिकारी ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बाल सेवा योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना आदि की जानकारी दी।
वहीं अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव यादव ने जननी सुरक्षा योजना की विस्तृत जानकारी साझा की।
इस अवसर पर एडीएम अर्चना ओझा, सीएमएस डॉ. जाफरी, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, प्राचार्य डॉ. रुचिरा सेठी, महिला थानाध्यक्ष श्यामा तिवारी, निरीक्षक अनीता सिंह, और बाल संरक्षण अधिकारी चंदन राय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।