जौनपुर।
खुटहन थाना क्षेत्र के भटपुरा गांव में भूमिधरी जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर विवाद गहरा गया है। पीड़ित पक्ष ने गांव के कुछ लोगों पर जबरन अतिक्रमण करने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार, राजेश और जगदीश आदि का आरोप है कि उनकी भूमिधरी भूमि, आराजी संख्या 729, पर गांव के ही तिलकधारी, संतराम और मुकेश पुत्र स्वर्गीय रामचरित्र जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।
पीड़ितों का कहना है कि आरोपित गांव में अवैध रूप से आरा मशीन का संचालन करते हैं। आरोप है कि पूर्व में उनकी जमीन पर खड़े शीशम के हरे पेड़ों को भी काट लिया गया था। अब दोबारा जमीन पर अतिक्रमण कर विवाद की स्थिति पैदा की जा रही है।
विरोध करने पर आरोपितों द्वारा गाली-गलौज और मारपीट की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। घटना को लेकर गांव में तनाव का माहौल बताया जा रहा है।
पीड़ित पक्ष ने खुटहन थाने में लिखित शिकायत देकर भूमिधरी जमीन पर हो रहे अवैध कब्जे को रुकवाने तथा आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
रिपोर्ट : आवाज़ न्यूज़, जौनपुर

