आवाज़ न्यूज़
जौनपुर। खुटहन थाना क्षेत्र के खुटहन गांव में एक इलेक्ट्रीशियन का शव शीशम के पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मृतक की पहचान खुटहन ग्राम निवासी कल्पनाथ गुप्ता उर्फ कक्कू मिस्त्री पुत्र राम लुटावन गुप्ता के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनका शव खुटहन ब्लॉक के पश्चिम नाली के पास स्थित एक शीशम के पेड़ पर लटका मिला।
परिजनों का आरोप है कि यह हत्या का मामला हो सकता है, जबकि कुछ लोग इसे आत्महत्या से भी जोड़कर देख रहे हैं। घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
परिजनों की मांग पर जौनपुर से फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जाता है कि मृतक छह भाइयों में एक था। उसके परिवार में पत्नी पूजा गुप्ता के अलावा दो पुत्र और एक पुत्री हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।

