Aawaz Jaunpur news
Shahganj जौनपुर। प्रेम संबंध के मामले में एक युवती ने अपने प्रेमी से शादी कराने की जिद को लेकर हाईटेंशन विद्युत पोल पर चढ़कर हंगामा खड़ा कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद युवती को समझा-बुझाकर नीचे उतारा और थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की।
बताया जा रहा है कि लगभग तीन महीने पहले युवती के परिजनों को उसके प्रेम संबंध की जानकारी हुई थी। इसका विरोध करने पर युवती अपने प्रेमी के साथ घर से फरार हो गई थी। बाद में पुलिस ने जनवरी माह में दोनों को बरामद कर लिया था।
परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया था। कुछ समय बाद युवक के जमानत पर छूटकर आने की जानकारी मिलने पर युवती फिर से उसके साथ विवाह करने की जिद करने लगी।
परिजनों ने दोनों के अलग-अलग समुदाय से होने का हवाला देकर विवाह का विरोध किया। इससे नाराज युवती आजमगढ़ जनपद के दीदारगंज थाना क्षेत्र के बैरकडीह गांव में स्थित एक हाईटेंशन विद्युत पोल पर चढ़ गई और वहीं से प्रेमी से शादी कराने की मांग करने लगी।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक केके सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने काफी प्रयास के बाद युवती को समझाकर सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर थाने लाया गया, जहां पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

