Jaunpur News वृद्धा की चेन छीनकर भाग रहा बदमाश ग्रामीणों के हत्थे चढ़ा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0

 Aawaz News 



जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में मंगलवार दोपहर एक वृद्ध महिला से सोने की चेन छीनकर भाग रहे बदमाश को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी

जानकारी के अनुसार गांव निवासी ज्ञान देवी पत्नी स्व. उमाशंकर राय घर में अकेली थीं। इसी दौरान एक युवक बाइक से कुकर और कड़ाही बेचने के बहाने उनके घर पहुंचा और सामान खरीदने के लिए कहने लगा। बातचीत के दौरान उसने घर के अंदर नजर डाली और महिला को अकेला देखकर मौका पा गया।


आरोप है कि युवक अचानक घर के अंदर घुस गया और वृद्धा का मुंह व गला दबाकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली। इस दौरान धक्का-मुक्की में वृद्धा के होंठ में चोट लग गई और खून निकलने लगा।


घटना के बाद बदमाश बाइक की ओर भागा और वहां से फरार होने की कोशिश करने लगा। तभी पीड़िता ने शोर मचा दिया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और बदमाश का पीछा करने लगे।


ग्रामीण अंकित विश्वकर्मा और सुभाष विश्वकर्मा ने दौड़कर बाइक से भाग रहे युवक को पकड़ लिया। इसके बाद अन्य ग्रामीण भी वहां पहुंच गए और आरोपी को काबू में कर लिया। सूचना पर पहुंचे एसआई विजय प्रताप सिंह मय पुलिस बल ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने आरोपी के पास से बाइक और एक चाकू भी बरामद किया है। पकड़े गए युवक ने अपना नाम कन्हैया पांडेय पुत्र राजदेव पांडेय निवासी कपिया निजामत थाना महाराजगंज जिला सिवान (बिहार) बताया। उसने यह भी बताया कि वह वर्तमान में आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र के पास रहता है।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)