Aawaz News
उत्तर प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग ने त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर संशोधित अधिसूचना जारी कर दी है। यह प्रक्रिया जनवरी 2026 से शुरू होकर अप्रैल 2026 तक चलेगी, जिसका उद्देश्य पंचायत चुनाव से पूर्व मतदाता सूची को पूरी तरह अद्यतन करना है।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद मतदाता सूची से संबंधित विभिन्न तकनीकी और प्रशासनिक कार्य चरणबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे।
🔹 पुनरीक्षण कार्यक्रम की मुख्य समय-सारिणी
7 जनवरी से 16 मार्च 2026
– दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के बाद हस्तलिखित परिशिष्ट तैयार करना, कार्यालयों में जमा करना एवं डुप्लीकेट मतदाता सत्यापन।
21 फरवरी से 16 मार्च 2026
– परिशिष्ट सूचियों का कम्प्यूटरीकरण, मूल सूची में समावेशन और मतदान केंद्रों/स्थलों का निर्धारण।
17 मार्च से 13 अप्रैल 2026
– मतदान केंद्रों का क्रमांकन, वार्ड मैपिंग, मतदाता क्रमांकन, SVN आवंटन, मतदाता सूची की डबल प्रिंटिंग व फोटो प्रतियां तैयार करना।
15 अप्रैल 2026
– निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन।
राज्य निर्वाचन आयोग ने जिलाधिकारियों एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिया है कि इस कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार स्थानीय समाचार पत्रों और कार्यालयों के सूचना पटों के माध्यम से सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिक समय रहते अपने नाम की जांच एवं सुधार करा सकें।
साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि विशेष पुनरीक्षण अवधि के दौरान पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाशों में भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे, जिससे निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा किया जा सके।
.png)
