Aawaz News
जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के छतौरा मल्हनी गांव में गुरुवार देर रात एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया, जहां एक मेडिकल व्यवसायी की तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब मृतक बारात समारोह में शामिल होने पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि खुटहन क्षेत्र के निवासी राम प्रताप प्रजापति (55 वर्ष) रात लगभग दस बजे बारात के दौरान सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान मल्हनी की ओर से आई एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वे सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर लोग जुट गए, लेकिन अफसोसजनक रूप से घायल को तत्काल चिकित्सीय सहायता नहीं मिल सकी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एंबुलेंस या वाहन की व्यवस्था में देरी हुई, जिससे घायल की हालत और बिगड़ती चली गई। कुछ ही देर बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।
मृतक राम प्रताप प्रजापति खुटहन हॉस्पिटल रोड पर वर्षों से मेडिकल स्टोर का संचालन कर रहे थे और क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित नाम थे। उनके परिवार में पत्नी सुमित्रा देवी के साथ दो बेटे और दो बेटियां हैं, जिनका विवाह हो चुका है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस बाइक सवार की पहचान और तलाश में जुटी हुई है।
.png)
