जौनपुर। जंघई क्षेत्र के चौकी कला गांव से शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां हाईस्कूल की छात्रा ने परीक्षा के तनाव में आकर ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चौकी कला गांव निवासी सुरेश जैसवार की 15 वर्षीय पुत्री गरिमा जैसवार आरडी मेमोरियल मॉडर्न कॉन्वेंट इंटर कॉलेज, जंघई (प्रयागराज) की हाईस्कूल की छात्रा थी। उसका परीक्षा केंद्र श्री देवी प्रसाद इंटर कॉलेज, पिलखिनी जंघई में पड़ा था। शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे गरिमा साइकिल से सोशल साइंस की परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी।
बताया जा रहा है कि गरिमा ने जंघई रेलवे फाटक के पूर्वी छोर पर साइकिल खड़ी की और जौनपुर से प्रयागराज जा रही एजे पैसेंजर ट्रेन के सामने कूद गई। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ तथा स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। मामला जीआरपी क्षेत्र का होने के कारण शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
परिजनों के अनुसार गरिमा हिंदी विषय की परीक्षा में तीन प्रश्न हल नहीं कर पाने के कारण गहरे तनाव में थी। चचेरे चाचा राजेश जैसवार ने बताया कि परीक्षा के बाद से वह काफी परेशान थी। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
इस संबंध में जीआरपी जंघई प्रभारी अरुण कुमार मिश्रा ने बताया कि परिजनों के बयान के अनुसार छात्रा परीक्षा को लेकर मानसिक दबाव में थी। अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
यह घटना एक बार फिर परीक्षा के दबाव और बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
.png)
