Jaunpur News जोगियापुर में संदिग्ध हालात में विवाहिता की फांसी से मौत, पांच बच्चों के सामने टूटा मां का साया

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0

 Aawaz News 

jaunpur-jogiyapur-married-woman-hanging-death-suspicious


जौनपुर। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के जोगियापुर मोहल्ले में बुधवार देर रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगने से मौत हो गई। करकट पड़े कमरे में महिला का शव दुपट्टे के सहारे लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान संजू देवी (34) पत्नी सुनील निषाद के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार संजू अपने पांच बच्चों के साथ रोज की तरह घर के दूसरे तल पर बने करकट के कमरे में सोने गई थी। रात करीब तीन बजे सात माह की बच्ची मानसी के लगातार रोने पर बड़ी बेटी सोनम (13) की नींद खुली। कमरे में जाकर उसने देखा कि उसकी मां दुपट्टे के सहारे फांसी के फंदे पर झूल रही है। यह दृश्य देखकर बच्ची जोर-जोर से चिल्लाने लगी।

शोर सुनकर पति सुनील ऊपर पहुंचा और तुरंत अपने ससुराल पक्ष को सूचना दी। कुछ ही देर में मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

बताया गया कि संजू देवी एक निजी स्कूल में दाई का काम करती थी, जबकि पति मिठाई बनाने का काम करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता रहता था और यह मामला पहले भी कई बार कोतवाली तक पहुंच चुका था।

इस संबंध में हल्का चौकी प्रभारी राहुल रंजन ने बताया कि फिलहाल मायके पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। प्रारंभिक जानकारी में पति-पत्नी के बीच शराब पीने को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

घटना के बाद पांच मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ जाने से पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)