Aawaz News
लखनऊ/उत्तर प्रदेश। समाजवादी पार्टी ने प्रदेश के कई जिलों में मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान फार्म-7 के माध्यम से वैध मतदाताओं के नाम काटने की साजिश का आरोप लगाया है। पार्टी ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और कठोर कार्रवाई की मांग की है।
अखिलेश यादव के निर्देश पर सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने लखनऊ स्थित मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि कई जनपदों में बड़ी संख्या में फार्म-7 जमा कर मतदाताओं के नाम हटाने की कोशिश की जा रही है। पार्टी का दावा है कि इनमें समाजवादी पार्टी समर्थक, अल्पसंख्यक और पीडीए वर्ग के मतदाता अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
ज्ञापन में फर्रुखाबाद, आजमगढ़, बदायूं, गाजियाबाद, संतकबीर नगर, मथुरा, पीलीभीत, मिर्जापुर, गाजीपुर, रायबरेली, मऊ, सोनभद्र सहित कई जिलों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया गया है कि बड़ी संख्या में फार्म-7 जमा किए गए हैं। सपा ने कहा कि जिन मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची में पहले से दर्ज हैं और वे स्थायी रूप से निवास कर रहे हैं, उनके नाम हटाने का प्रयास लोकतांत्रिक प्रक्रिया के विपरीत है।
प्रदेश अध्यक्ष ने निर्वाचन आयोग से मांग की है कि
संदिग्ध फार्म-7 की निष्पक्ष जांच हो
फर्जी आवेदनकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज किया जाए
पात्र मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखे जाएं
पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनाई जाए
सपा नेताओं का कहना है कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची में छेड़छाड़ की किसी भी कोशिश पर सख्ती जरूरी है।
फिलहाल निर्वाचन आयोग की ओर से इस संबंध में आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
.png)
