Aawaz News
जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के शिवपुर नाला के पास बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में ऑटो रिक्शा सवार 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब रेलवे परियोजना में मिट्टी ढो रहे तेज रफ्तार डम्फर ने ऑटो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर करीब 15 फीट गहरे पानी भरे नाले में पलट गया। ऑटो में सवार केराकत क्षेत्र के उदयचंदपुर निवासी संजीव कुमार अपने ससुर हीरालाल को आंख के इलाज के लिए अस्पताल ले गए थे और उपचार के बाद घर लौट रहे थे।
हादसे में हीरालाल नाले में गिरकर बेहोश हो गए। घायल अवस्था में भी ऑटो चालक भोलेनाथ और संजीव ने स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बाहर निकाला। तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नेहरूनगर ले जाया गया, जहां डॉक्टर मनोज कुमार ने हीरालाल को मृत घोषित कर दिया। अन्य दो घायलों का प्राथमिक उपचार कर छुट्टी दे दी गई।
सूचना मिलते ही जलालपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि रेलवे कार्य में लगे डम्फर चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और गति नियंत्रण की मांग की है।
.png)
