जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के सिद्दीपुर स्थित राजकीय आईटीआई गेट के पास बुधवार को खाई में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन खबर लिखे जाने तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। नियमानुसार शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में 72 घंटे के लिए सुरक्षित रखवाया गया है, ताकि पहचान कराई जा सके।
थाना प्रभारी अमरिंदर पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। मौके से एक नमकीन का पैकेट बरामद हुआ है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
.png)
