Jaunpur News जौनपुर: कोटेदार पर FIR, जांच में स्टॉक गायब और रिकॉर्ड में हेराफेरी का खुलासा

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0

 



जौनपुर। जिले के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बड़उर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत बड़ा घोटाला उजागर हुआ है। कोटेदार पर कालाबाजारी और अनियमितताओं के गंभीर आरोपों के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

मामले की शुरुआत भानपती पत्नी जयप्रकाश की शिकायत से हुई, जिसमें आरोप लगाया गया कि अप्रैल माह का राशन अंगूठा लगवाने के बावजूद लाभार्थियों को वितरित नहीं किया गया।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी शाहगंज के निर्देश पर पूर्ति विभाग की टीम ने जांच की। जांच टीम में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अमिता द्विवेदी, पूर्ति निरीक्षक शिवशंकर यादव और आशुतोष सिंह शामिल रहे।

जांच के दौरान दुकान और गोदाम में गेहूं, चावल और चीनी का कोई स्टॉक नहीं मिला, जबकि रिकॉर्ड में पर्याप्त खाद्यान्न दर्शाया गया था।

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि कोटेदार स्टॉक और वितरण से संबंधित कोई भी रजिस्टर प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने यह भी स्वीकार किया कि उसका कोई स्थायी गोदाम नहीं है और राशन अन्यत्र रखा जाता है, जो नियमों के विरुद्ध है।

जांच में यह भी सामने आया कि मार्च और अप्रैल माह का राशन लाभार्थियों तक नहीं पहुंचा। कई कार्डधारकों ने बयान दिया कि उनसे अंगूठा लगवाया गया, लेकिन राशन नहीं मिला।

पूर्ति विभाग की रिपोर्ट में आवश्यक वस्तु अधिनियम और पीडीएस नियंत्रण आदेश 2016 के उल्लंघन की पुष्टि होने के बाद उपजिलाधिकारी के अनुमोदन पर सरायख्वाजा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रशासन का कहना है कि गरीबों के हक में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)