जौनपुर। जिले में बीती रात आई तेज आंधी-तूफान ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। मछलीशहर रोड स्थित सरकारी अस्पताल के पास अचानक नीम का पेड़ गिरने से बाइक सवार 17 वर्षीय युवक उसकी चपेट में आ गया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।
जानकारी के अनुसार, मुंगरा बादशाहपुर क्षेत्र के पकड़ी गोदाम मोहल्ला निवासी मनीष कुमार गौतम (17) बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान तेज आंधी-तूफान शुरू हो गया, जिसके चलते वह सड़क किनारे रुक गए। तभी अचानक सड़क किनारे खड़ा एक पुराना नीम का पेड़ भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ा।
पेड़ की भारी डाल के नीचे दबने से मनीष गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए उन्हें बाहर निकाला और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही युवक ने दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर आक्रोश है। लोगों का कहना है कि सड़कों के किनारे कई पुराने और जर्जर पेड़ खड़े हैं, जो आंधी-तूफान के दौरान कभी भी गिर सकते हैं और बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे खतरनाक पेड़ों की जल्द पहचान कर उन्हें हटाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

