राज्य निर्वाचन आयोग उत्तर प्रदेश ने त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण का संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार पंचायत चुनाव की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन अब 22 अप्रैल 2026 को किया जाएगा।
आयोग की ओर से जारी संशोधित समय-सारिणी के मुताबिक 17 मार्च 2026 से 21 अप्रैल 2026 तक मतदाता सूचियों के कम्प्यूटरीकरण, मतदान केंद्रों और स्थलों के क्रमांकन, मतदेय स्थलों के वार्डों की मैपिंग, मतदाता क्रमांक, एसवीएन आवेदन, मतदाता सूचियों की डाउनलोडिंग तथा फोटो प्रतियों के कार्य किए जाएंगे।
इसके बाद 22 अप्रैल 2026 को निर्वाचक नामावलियों का जनसामान्य के लिए अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। आयोग ने सभी जिलाधिकारियों, जिला निर्वाचन अधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में पुनरीक्षण कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि मतदाता सूची के वृहद पुनरीक्षण के दौरान पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे, ताकि तय समय के भीतर पुनरीक्षण का कार्य पूरा किया जा सके।

