आवाज़ न्यूज़
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने देश और उत्तर प्रदेश को गंभीर आर्थिक संकट में धकेल दिया है। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और बिजली संकट से जनता परेशान है।
रविवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में प्रदेशभर से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों ने आम जनता का जीवन मुश्किल कर दिया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने पीडीए समाज के साथ सबसे अधिक अन्याय किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समाज में नफरत फैलाकर राजनीति कर रही है, जबकि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय और विकास की राजनीति में विश्वास करती है।
उन्होंने कहा कि 2022 में समाजवादी पार्टी सरकार बनाने से चूक गई थी, लेकिन 2027 में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने दावा किया कि जनता समाजवादी पार्टी के साथ है और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा का सफाया होगा।
पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेश में बिजली संकट को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में अघोषित बिजली कटौती से जनता परेशान है। भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में बिजली उत्पादन बढ़ाने के लिए कोई नया काम नहीं किया।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी सरकार ने प्रदेश को विकास का रास्ता दिखाया था, लेकिन भाजपा सरकार उस विकास को आगे बढ़ाने में विफल रही। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था के मुद्दों पर भी सरकार की आलोचना की।

