Aawaz News
जौनपुर। खुटहन ब्लॉक के ग्राम सभा खुटहन में पिछले तीन वर्षों से लंबित अंडरग्राउंड ह्यूम पाइपलाइन विवाद आखिरकार सांसद बाबू सिंह कुशवाहा के निर्देश और प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद सुलझा लिया गया। विवाद समाप्त होने के बाद कई घरों की रुकी हुई जल निकासी व्यवस्था दोबारा चालू हो गई, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार ग्राम प्रधान द्वारा वर्ष 2023 में गांव में अंडरग्राउंड पाइपलाइन निर्माण कार्य शुरू कराया गया था। अधिकांश पाइपलाइन बिछा दी गई थी, लेकिन एक व्यक्ति द्वारा अपने दरवाजे के सामने पाइप डालने का विरोध किए जाने से कार्य अधूरा रह गया था। इसके चलते कई परिवारों को वर्षों तक जलभराव और गंदे पानी की समस्या झेलनी पड़ रही थी।
ग्रामवासियों द्वारा मामले की जानकारी सांसद बाबू सिंह कुशवाहा को दी गई। सांसद के निर्देश पर ग्राम प्रधान द्वारा 18 अप्रैल 2026 को सीडीओ जौनपुर को प्रार्थना पत्र सौंपा गया। इसके बाद सीडीओ ने बीडीओ खुटहन को राजस्व विभाग के साथ मिलकर मामले का समाधान निकालने का निर्देश दिया।
कई दिनों तक जांच और बातचीत चलने के बाद 21 मई 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक प्रशासनिक टीम मौके पर डटी रही। सेक्रेटरी विकास कुमार, पुलिस कर्मियों, लेखपाल और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में पाइपलाइन विवाद का समाधान कराया गया और रुकी हुई नाली का कार्य पूरा कराया गया।
ग्रामीणों और ग्राम प्रधान ने इस कार्य के लिए सांसद बाबू सिंह कुशवाहा, सीडीओ जौनपुर, बीडीओ खुटहन, सेक्रेटरी विकास कुमार तथा खुटहन पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से चला आ रहा विवाद समाप्त होने से गांव में तनाव की स्थिति खत्म हुई है।

