Jaunpur News मछलीशहर में बिजली कटौती को लेकर कांग्रेसियों का प्रदर्शन, उपजिलाधिकारी कार्यालय का घेराव | आवाज़ न्यूज़

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0

 मछलीशहर, जौनपुर। अघोषित बिजली कटौती और गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं को हो रही परेशानियों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी जौनपुर को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा।



धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि मछलीशहर के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती से जनजीवन प्रभावित हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि चौबीस घंटे में केवल दस घंटे बिजली आपूर्ति दी जा रही है, जो जनता के साथ अन्याय है।


उन्होंने भीषण गर्मी को देखते हुए नियमित बिजली आपूर्ति की मांग की। साथ ही गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं को हो रही परेशानियों और लंबी कतारों को लेकर सरकार और प्रशासन पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी हो रही है और प्रशासन इस पर कार्रवाई नहीं कर रहा है।


जिला सचिव जब्बार अली सलमानी ने कहा कि बिजली, पानी और गैस की समस्याएं सरकार की विफल नीतियों का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि महंगाई के बीच आम जनता पहले से परेशान है और अब मूलभूत सुविधाओं की कमी से लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है।

धरना प्रदर्शन की अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मछलीशहर के अध्यक्ष मोहम्मद सैफ ने की, जबकि संचालन नगर अध्यक्ष आरिफ सलमानी ने किया।

इस मौके पर एडवोकेट संतोष पांडेय, जयप्रकाश मिश्रा, राजकुमारी मिश्रा, मोहम्मद इब्राहिम, अफरोज अली, जगदीश श्रीवास्तव, इरशाद खान, जनार्दन दूबे, नन्हे शेख, रघुनाथ श्रीवास्तव, अनीस अली, शाहिद अली, कुर्बान अली सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)