Aawaz News
जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र के डोभी स्थित सारेपुर (नई बस्ती) में स्मार्ट प्रीपेड मीटर को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है।
बुधवार को विभागीय टीम के साथ हुए विवाद और 24 कनेक्शन काटे जाने के बाद गुरुवार को भी हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हो सके।
अवर अभियंता पंकज कुमार की तहरीर पर चंदवक थाने में 24 नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, जिसके बाद तीन उपभोक्ता स्वयं मीटर लगाने को तैयार हो गए। हालांकि बाकी 24 उपभोक्ता अब भी विरोध पर अड़े हुए हैं।
एसडीओ संजीव कुमार भास्कर ने बताया कि मीटर तोड़फोड़, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना और कनेक्शन कटने के बाद बिजली का उपयोग करना कानूनन अपराध है।
बुधवार को मीटर लगाने पहुंची टीम को विरोध का सामना करना पड़ा, जहां कुछ लोगों द्वारा घेराव और पथराव की कोशिश की गई, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया।
इसके अलावा जलालपुर विद्युत थाने में भी इन लोगों के खिलाफ बिजली चोरी का अलग मुकदमा दर्ज किया गया है।
फिलहाल गांव में तनाव बना हुआ है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

