Aawaz News
खुटहन, जौनपुर। खुटहन थाना क्षेत्र के भिवरहा खुर्द पोस्ट रसूलपुर गांव में बुधवार को एक रिहायशी छप्पर में अचानक आग लग जाने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी शिव प्रसाद यादव पुत्र बेचन यादव के रिहायशी छप्पर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे छप्पर में रखा घरेलू और कीमती सामान जलकर राख हो गया।
आग की इस घटना में एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल, दो साइकिल, तीन पंखे, 10 से 12 गद्दे-रजाई, साड़ी और अन्य कपड़े पूरी तरह जल गए। इसके अलावा अलमारी में रखे जमीन संबंधी महत्वपूर्ण कागजात, अन्य जरूरी दस्तावेज, लगभग 45 हजार रुपये नगद तथा चांदी के जेवरात भी आग की भेंट चढ़ गए।
आग की लपटें बगल के मकान तक भी पहुंच गई थीं, जिससे वहां रखे फ्रिज, पर्दे और सोफे को आंशिक नुकसान हुआ। हालांकि ग्रामीणों की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
पीड़ित परिवार के अनुसार इस अग्निकांड में लगभग 4.50 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

