आवाज़ न्यूज़ | बदलापुर (जौनपुर)
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ एक्टिविस्ट्स (NIFA) उत्तर प्रदेश द्वारा नेशनल सोशल इंपैक्ट अवार्ड एवं संवेदना-2 सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रक्तदान जागरूकता और मानव सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले रक्तवीरों एवं सामाजिक संगठनों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर इंग्लैंड की संस्था वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ऑफ एक्सीलेंस द्वारा भी संवेदना-2 अभियान के सफल आयोजन के लिए सम्मान प्रदान किया गया। जौनपुर जनपद से डॉ. अंजु सिंह सहित 10 सामाजिक कार्यकर्ताओं को मानवता की सेवा और रक्तदान जागरूकता में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान रहीं। विशिष्ट अतिथियों में राज्य मंत्री वैश्य नटवर गोयल, बीबीएयू के कुलपति प्रो. राजकुमार मित्तल, वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ऑफ एक्सीलेंस इंग्लैंड के वाइस चेयरमैन संजय पांजवानी, निफा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अश्विनी शेट्टी सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
निफा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार दूबे ने बताया कि संवेदना-2 अभियान के तहत पूरे उत्तर प्रदेश में 500 से अधिक यूनिट रक्त संग्रह किया गया। कार्यक्रम में रक्तदान और अंगदान को जनआंदोलन बनाने का संकल्प भी दोहराया गया।
डॉ. अंजु सिंह ने सम्मान के लिए सभी रक्तवीरों, सहयोगी संस्थाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी रक्तदान जागरूकता अभियान को और व्यापक बनाया जाएगा।

