जौनपुर। राजकीय इंटर कॉलेज प्रवक्ता (महिला/पुरुष) परीक्षा-2025 के मद्देनजर जिला प्रशासन ने रविवार को शहर की यातायात व्यवस्था में विशेष बदलाव किया है। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया है।
प्रशासन के अनुसार परीक्षा 14 जून को सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक जनपद के 18 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए रविवार सुबह 6 बजे से शाम 7 बजे तक शहर क्षेत्र में भारी वाहनों की नो-एंट्री लागू रहेगी।
यातायात विभाग ने स्पष्ट किया है कि गैस, पेट्रोल, डीजल तथा चिकित्सा सेवाओं से जुड़े वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट प्रदान की गई है।
इन मार्गों से नहीं मिलेगा प्रवेश
● पचहटिया तिराहा
● प्रसाद तिराहा
● पकड़ी हाईवे अंडरपास
● अलीगंज हाईवे तिराहा
● जगदीशपुर चौराहा
● चांदपुर हाईवे अंडरपास
● कुत्तुपुर तिराहा
पुलिस प्रशासन ने परिवहन संचालकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करें, ताकि परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
— आवाज़ न्यूज़ डेस्क

