आवाज़ न्यूज़ संवाददाता | जौनपुर
उत्तर प्रदेश बोर्ड हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय मेधावी छात्र सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ से आयोजित प्रदेश स्तरीय समारोह के सजीव प्रसारण के साथ हुआ।
समारोह में विधायक जफराबाद जगदीश नारायण राय, विधान परिषद सदस्य ब्रजेश सिंह "प्रिंसु", जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन., मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
हाईस्कूल परीक्षा में जनता बालिका इंटर कॉलेज, बनगांवपट्टी के छात्र राजशेखर सिंह ने 95.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में राम आधार यादव इंटर कॉलेज, रसूलपुर के रजनीश श्रीवास्तव ने 91.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया।
विशेष उपलब्धि के रूप में श्री राम प्रसाद संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गोपालपुर सिकरारा के छात्र विजय यादव ने संस्कृत शिक्षा परिषद की हाईस्कूल परीक्षा में 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में चौथा स्थान हासिल किया। उन्हें मुख्यमंत्री द्वारा लखनऊ में प्रशस्ति-पत्र, मेडल एवं प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मेधा सूची में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र, मेडल एवं प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों की सफलता में अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें निरंतर परिश्रम, अनुशासन और उत्कृष्टता के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी युग में केवल शैक्षणिक उपलब्धियां ही नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, संवाद कौशल और नेतृत्व क्षमता भी सफलता के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन करने तथा हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में अभिव्यक्ति क्षमता विकसित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी मेधावी विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि ये छात्र-छात्राएं भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर जनपद, प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।
आवाज़ न्यूज़
सच, समान, निष्पक्ष

