Jaunpur News जौनपुर में पंचायत चुनाव की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित, आज से कर सकेंगे निःशुल्क निरीक्षण

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0

 



जौनपुर। जिला निर्वाचन कार्यालय (पंचायत एवं नगरीय निकाय) जौनपुर द्वारा जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों की पंचायत निर्वाचक नामावली (मतदाता सूची) का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) एवं जिलाधिकारी जौनपुर सैमुअल पॉल एन. द्वारा जारी सार्वजनिक सूचना के अनुसार राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में पंचायत निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 10 जून 2026 को कर दिया गया।

जारी सूचना के अनुसार उत्तर प्रदेश पंचायत राज (निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण) नियमावली, 1994 के अंतर्गत तैयार की गई अंतिम मतदाता सूची जनपद के सभी विकास खंड कार्यालयों, ग्राम पंचायत कार्यालयों, पंचायत भवनों, विद्यालयों, साधन सहकारी समितियों, उचित मूल्य की दुकानों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा अन्य नामित सार्वजनिक भवनों में निरीक्षण हेतु उपलब्ध रहेगी।

जिला प्रशासन ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के सभी मतदाता 10 जून 2026 से संबंधित कार्यालयों में जाकर मतदाता सूची का निःशुल्क निरीक्षण कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त निर्वाचक नामावली की प्रतियां निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं संबंधित ग्राम पंचायत कार्यालयों में भी उपलब्ध रहेंगी।

निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (पंचायत) जौनपुर द्वारा जारी प्रपत्र-7 के अनुसार जनपद की सभी ग्राम पंचायतों एवं उनके प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली का संशोधन कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा नियमावली के प्रावधानों के अनुरूप अंतिम सूची प्रकाशित कर दी गई है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए हैं तथा जिला सूचना अधिकारी को इस सूचना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

- आवाज़ न्यूज़ ब्यूरो, जौनपुर

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)