Jaunpur News शकरमंडी में अवैध दोहरा निर्माण का भंडाफोड़, दो सगे भाई गिरफ्तार

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0



आवाज़ न्यूज़ संवाददाता | जौनपुर

जौनपुर नगर कोतवाली पुलिस ने अवैध दोहरा (तंबाकू उत्पाद) निर्माण और कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब दो कुंतल अवैध दोहरा बरामद किया है। बरामद सामग्री का नमूना जांच के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग को भेजा गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि अपराध एवं अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नगर कोतवाली पुलिस को यह सफलता मिली। प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर शकरमंडी मोहल्ले में स्थित एक दुकान पर छापेमारी की।

पुलिस के अनुसार छापेमारी के दौरान अवैध रूप से दोहरा का निर्माण एवं बिक्री करते हुए दो सगे भाइयों पवन साहू और विवेक साहू को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी नगर कोतवाली क्षेत्र के बड़ी मस्जिद मोहल्ले के निवासी बताए गए हैं।

तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से लगभग दो कुंतल अवैध दोहरा बरामद किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोहरा का निर्माण बिना वैध अनुमति और निर्धारित मानकों के विपरीत किया जा रहा था। आशंका है कि तैयार सामग्री शहर समेत आसपास के क्षेत्रों में भी सप्लाई की जा रही थी।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग को भी मामले की सूचना दी गई है। बरामद सामग्री का नमूना जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आवाज़ न्यूज़

सच, समान, निष्पक्ष

www.aavaj.com
www.aawaznews.com


एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)