Jaunpur News तेज रफ्तार नैनो कार ने दो बाइकों को मारी टक्कर, चार युवक घायल; तीन की हालत गंभीर

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0

 आवाज़ न्यूज़ | जौनपुर



जौनपुर-शाहगंज मुख्य मार्ग पर बुधवार सुबह कोतवाली क्षेत्र के मजडीहा गांव स्थित बालू मंडी के पास एक भीषण सड़क हादसे में चार युवक घायल हो गए। तेज रफ्तार नैनो कार ने दो बाइकों को टक्कर मार दी, जिसके बाद कार सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।


पुलिस के अनुसार कौड़ियां गांव निवासी साहिल (20), प्रियांशु (25), दीपांशु (26) और राकेश कुमार (20) दो अलग-अलग बाइकों से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रही नैनो कार अचानक अनियंत्रित होकर उनकी लेन में आ गई और दोनों बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।


सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने साहिल, प्रियांशु और दीपांशु की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि राकेश कुमार का उपचार स्थानीय स्तर पर जारी है।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी अधिक थी। टक्कर के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। दुर्घटना के चलते कुछ समय के लिए जौनपुर-शाहगंज मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।

कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाया और यातायात बहाल कराया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)