जफराबाद/जौनपुर। जलालपुर क्षेत्र के इजरी गांव के पास मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। युवक की मौत की खबर सुनकर मां बेसुध हो गईं, जबकि गांव में मातम छा गया।
रासीपुर गांव निवासी अनुज कुमार यादव (22) पुत्र स्वर्गीय शंकर यादव नौकरी की तैयारी कर रहा था। मंगलवार सुबह वह किसी काम से जलालपुर बाजार जाने के लिए निकला था। बताया जा रहा है कि बाकराबाद और इजरी गांव के बीच वह रेलवे लाइन के किनारे गया था। इसी दौरान वहां से गुजर रही ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। जानकारी मिलने पर थानाप्रभारी सत्येंद्र विक्रम सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अनुज की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उसके बड़े भाई अभिमय यादव बाराबंकी में यूपी पुलिस में तैनात हैं। भाई की मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
मां इंद्रावती बेटे की मौत से गहरे सदमे में हैं। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद से रासीपुर गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए घटना की आवश्यक जांच शुरू कर दी है।
आवाज़ न्यूज़
aavaj.com

