जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन ने ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर का औचक निरीक्षण कर प्रशिक्षण व्यवस्था और प्रशिक्षणार्थियों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से सीधे बातचीत कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता, व्यवस्थाओं और निर्धारित शुल्क के बारे में जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान अवधेश कुमार और शिवपूजन पटेल ने निर्धारित शुल्क से अधिक धनराशि वसूले जाने की शिकायत की। शिकायत सामने आने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रशिक्षणार्थियों से निर्धारित शुल्क के अतिरिक्त किसी भी तरह की धनराशि नहीं ली जानी चाहिए। अधिक शुल्क वसूली या इस तरह की अन्य शिकायत मिलने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद जिलाधिकारी ने ट्रेनिंग ट्रैक का भी निरीक्षण किया। ट्रैक की व्यवस्थाओं को संतोषजनक पाए जाने के बाद उन्होंने प्रशिक्षण केंद्र में साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से प्रशिक्षणार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और प्रशिक्षण व्यवस्था को पारदर्शी एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित करने को कहा।

