जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति के नेतृत्व में जौनपुर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। राष्ट्रभक्ति के उत्साह से ओतप्रोत यह यात्रा नगर पालिका टाउन हॉल से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए कलेक्ट्रेट कचहरी परिसर पहुंची। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा नगर पालिका टाउन हॉल से प्रारंभ होकर अटाला मस्जिद, ऐतिहासिक शाही किला, सद्भावना पुल और जोगियापुर होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर पहुंची। कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहीद स्तंभ तथा लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद तिरंगा यात्रा का औपचारिक समापन हुआ।
समापन के अवसर पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि देश के प्रति कर्तव्य और राष्ट्रभक्ति के संकल्प का पर्व है। हर घर तिरंगा और तिरंगा यात्रा के माध्यम से अमर शहीदों को नमन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि तिरंगे के रंग में रंगा पूरा क्षेत्र भारत की एकता और अखंडता का संदेश दे रहा है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ समाज को जोड़ने का कार्य कर रहा है।
उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर पूरा देश और प्रदेश तिरंगामय हो चुका है। तिरंगा यात्रा आने वाली पीढ़ी को आजादी के महत्व और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से परिचित कराने का माध्यम है।
विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज हमें त्याग, शांति और समृद्धि की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से उन महान सेनानियों को याद किया जा रहा है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
विधायक रमेश सिंह ने कहा कि तिरंगा यात्रा समाज के अंतिम व्यक्ति में भी देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि हाथ में तिरंगा थामे प्रत्येक नागरिक देश की अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त कर रहा है। तिरंगा यात्रा युवाओं को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देने का भी काम करती है।
विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज किसी दल का नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगा सभी को जाति, धर्म और वर्ग से ऊपर उठकर राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना से जोड़ता है।
पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि तिरंगे के सम्मान के लिए देश के वीर सपूतों ने अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने कहा कि वरिष्ठों के मार्गदर्शन और युवाओं के उत्साह से आयोजित यह तिरंगा यात्रा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देती है।
पूर्व जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय ने तिरंगा यात्रा के सफल आयोजन के लिए कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन और आम जनता के सहयोग से निकली यह यात्रा अभूतपूर्व रही। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि भारत माता के प्रति अटूट निष्ठा का प्रतीक है।
तिरंगा यात्रा में पूर्व विधायक बाकेलाल सोनकर, नागेश्वर पांडेय, जिला उपाध्यक्ष पंकज मिश्रा, राज पटेल, परविन्द चौहान, अमित श्रीवास्तव, विनय सिंह, अजय सरोज, नीरज मौर्य, श्रीमती पुष्पा निषाद, जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता, संदीप तिवारी, अजय सिंह, जिला मंत्री संतोष मिश्रा, राजकेशर पाल, धमेन्द्र मिश्रा, डॉ. देवी प्रसाद सिंह, श्रीमती अंशू, राजेश गुप्ता, सुधांशु सिंह, विकास शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष श्रीमती रीता जायसवाल, दीपक सिंह (मान्टो), घनश्याम यादव, जिला मीडिया प्रभारी आमोद सिंह, डॉ. अमरनाथ पाण्डेय, रोहन सिंह, अमित पाठक, कुंवर दिग्विजय सिंह, सिद्धार्थ राय, अवनीश यादव, नरेंद्र उपाध्याय, अनिल गुप्ता, मेराज हैदर, राखी सिंह, प्रमोद प्रजापति, अतुल सिंह, शुभम मौर्य सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

