पानी की टंकी साफ करते समय करंट की चपेट में आया पुलिसकर्मी, गंभीर रूप से झुलसा
जौनपुर। सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़ऊर गांव में बुधवार शाम सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी विद्युत करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया। हादसा प्राथमिक विद्यालय की छत पर पानी की टंकी साफ करने के दौरान हुआ। घायल पुलिसकर्मी को ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
बताया गया कि बलिया जिले के रहने वाले 32 वर्षीय अफतल अंसारी जौनपुर पुलिस लाइन में तैनात हैं। आजाद बिंद हत्याकांड के बाद बड़ऊर गांव में सुरक्षा व्यवस्था के लिए उनकी ड्यूटी लगाई गई थी।
बुधवार शाम अफतल अंसारी प्राथमिक विद्यालय बड़ऊर की छत पर लगी पानी की टंकी साफ करने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान छत के पास से गुजर रही विद्युत लाइन की चपेट में आ गए। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी और घायल पुलिसकर्मी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है।
घटना के बाद सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी की हालत को लेकर पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है।

