जौनपुर में चाइनीज मांझे का कहर, बाइक सवार युवक का गला कटा

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0

 



जौनपुर। शहर में चाइनीज मांझे की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पतंग की डोर से युवक का गला कटने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद उसे भर्ती कर लिया गया।


मिली जानकारी के अनुसार, नगर कोतवाली थाना क्षेत्र के हमाम दरवाजा निवासी मोहम्मद खलील (30) पुत्र जब्बार मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे पचहटिया स्थित अपने ए टू जे गैरेज से बाइक पर सवार होकर जा रहे थे।


इसी दौरान लाइन बाजार थाना क्षेत्र के शीतला चौकिया मार्ग पर रशीदाबाद मोहल्ले के पास अचानक चाइनीज मांझे की चपेट में आने से उनकी गर्दन गंभीर रूप से कट गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।


हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल खलील को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां वरिष्ठ सर्जन डॉ. सैफ हुसैन खान ने उनका उपचार किया। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कर लिया गया।


इस घटना ने एक बार फिर चाइनीज मांझे से होने वाले हादसों और राहगीरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)