जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व कर-करेत्तर एवं सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में राजस्व विभाग से जुड़े लंबित मामलों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समयसीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में लंबित ऑडिट आपत्तियों, ई-परवाना के लिए प्राप्त आवेदनों के तहसीलवार निस्तारण और अंश निर्धारण से जुड़े मामलों की स्थिति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए और कार्रवाई में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता न हो।
बड़े बकायेदारों से राजस्व वसूली की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित उप जिलाधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व देयों की वसूली में शिथिलता नहीं होनी चाहिए। निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करते हुए वसूली की प्रगति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
### राजस्व न्यायालयों के लंबित वादों पर भी फोकस
बैठक में राजस्व न्यायालयों में विभिन्न धाराओं के तहत लंबित वादों की न्यायालयवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी लाने तथा नियमानुसार समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्णय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएम डैशबोर्ड की प्रगति की समीक्षा
जिलाधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विभागीय प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य करने, लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने और पोर्टल पर विभागीय सूचनाओं को नियमित रूप से अपडेट करने को कहा।
बैठक में जॉइंट मजिस्ट्रेट, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा, अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व अजय अंबष्ठ, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

