जौनपुर। मछलीशहर-बरईपार मार्ग पर रविवार शाम एक टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क पर चल रहे लोगों और बाइक सवारों को टक्कर मारता हुआ सड़क किनारे नीचे उतर गया। हादसे में करीब 10 लोग घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, मछलीशहर-बरईपार रोड पर सराय यूसुफ गांव के निकट एक युवक टेंपो चलाना सीख रहा था। इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया। टेंपो ने सड़क पर जा रहे लोगों और बाइक सवारों को टक्कर मारते हुए सराय यूसुफ गांव के निकट सड़क किनारे नीचे उतर गया।
हादसे में बाइक सवार विनय (20) निवासी चौबेपुर, विशाल (27), दुर्गेश (19) निवासी भटहर, सचिन (21) निवासी बटनहित, विजय (30) निवासी रज्जूपुर, निलेश (32), रघुनाथ (75), निशांत (18) निवासी कौरहा, मुकेश (28) निवासी डगरियांव तथा प्रताप (25) निवासी पहसना, सिकरारा घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया।
चिकित्सकों ने मुकेश, रघुनाथ और निशांत की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि तीनों का इलाज जारी है।
वहीं, टेंपो चालक भी हादसे में घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर कोतवाली पहुंचा दिया है।
प्रभारी निरीक्षक विनीत राय ने बताया कि मामले में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। वाहन को कब्जे में ले लिया गया है और तहरीर मिलने पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आवाज़ न्यूज़ | जौनपुर की हर बड़ी खबर के लिए जुड़े रहें

