जौनपुर। केराकत कोतवाली क्षेत्र के तरियारी गांव में रविवार की रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी सोमवार सुबह नींद खुलने पर हुई। घर का सामान बिखरा पड़ा था और पीछे की ओर एक टूटा हुआ बक्सा मिला।
तरियारी गांव निवासी शीला खैरवार पत्नी संजय खैरवार के अनुसार, वह रोज की तरह रात में खाना खाने के बाद परिवार के साथ घर में सो गई थीं। आधी रात के बाद अज्ञात चोर घर के पीछे से अंदर घुसे और चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो घर का सामान अस्त-व्यस्त देखकर उन्हें चोरी का पता चला। घर के पीछे जाकर देखने पर टूटा हुआ बक्सा पड़ा मिला। सामान की जांच की गई तो दो पायल, चार बिछिया, एक लॉकेट, एक झुमका, हाफ करधनी, ताली-पिन समेत अन्य सामान गायब मिला।
पीड़ित परिवार ने चोरी हुए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पीआरबी पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर घटना की जानकारी ली।
घर में चोरी की घटना के बाद गांव में भी लोगों के बीच भय का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर चोरों का पता लगाने में जुटी है।

