Jaunpur News: हिस्ट्रीशीटर विपिन सिंह तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0

 


जौनपुर। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तेजीबाजार पुलिस ने रविवार को एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।


पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मखदूमपुर पुलिया के पास घेराबंदी कर विपिन सिंह उर्फ मोनू उर्फ ढेला उर्फ नागा पुत्र स्व. राजेन्द्र प्रसाद सिंह निवासी ग्राम नरी, थाना तेजीबाजार को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस मिला।


बरामदगी के बाद तेजीबाजार थाने में मुकदमा संख्या 214/2026, धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। जौनपुर, वाराणसी, प्रतापगढ़, प्रयागराज और भदोही के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, लूट, चोरी, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट समेत कुल 15 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।


पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना रामपुर, मुंगराबादशाहपुर, आसपुर देवसरा (प्रतापगढ़), वाराणसी कैंट, हंडिया (प्रयागराज) और सुरियावां (भदोही) समेत विभिन्न थानों में मामले दर्ज हैं।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सत्येन्द्र भाई पटेल, उपनिरीक्षक राकेश प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल लव कुमार सिंह, कांस्टेबल अभिषेक कुमार और कांस्टेबल संदीप कुमार शामिल रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)