शाहगंज। तहसील क्षेत्र का ताखा पूरब संपर्क मार्ग इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। वर्षों से जर्जर पड़ी यह सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जबकि बरसात होते ही सड़क पर पानी भरने से यह किसी जलाशय जैसी नजर आने लगती है। परेशान ग्रामीणों ने अब प्रशासन से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग उठाई है।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य विवेक यादव 'विक्की' के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी शाहगंज को ज्ञापन सौंपकर लोक निर्माण विभाग से सड़क का निर्माण कराने की मांग की। ग्रामीणों ने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि यदि सड़क की मरम्मत नहीं कराई जा सकती तो इसे जलमार्ग ही घोषित कर दिया जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि ताखा पूरब संपर्क मार्ग की खराब हालत को लेकर कई बार संबंधित विभागों और अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है। लोक निर्माण विभाग से भी सड़क को गड्ढा मुक्त करने और मरम्मत कराने की मांग की गई, लेकिन आरोप है कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित रह गया।
लोगों के अनुसार, शिकायतों में सड़क की मरम्मत और गड्ढा मुक्त करने की रिपोर्ट तो लगा दी जाती है, लेकिन धरातल पर सड़क की हालत में कोई सुधार नहीं दिखाई देता।
इस संपर्क मार्ग का उपयोग कई गांवों के लोग प्रतिदिन करते हैं। इसी रास्ते से बड़ी संख्या में बच्चे शाहगंज पब्लिक स्कूल सहित अन्य विद्यालयों में पढ़ने के लिए आते-जाते हैं। वहीं दैनिक जरूरतों और अन्य कार्यों के लिए भी ग्रामीणों के आवागमन का यह प्रमुख मार्ग है।
सड़क की बदहाल स्थिति से नाराज ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में विवेक यादव 'विक्की' के साथ मिर्जा अली बेग, मनोज पासवान, संदीप संत, प्रवीण यादव, राज सहित दर्जनों लोग शामिल रहे।
ग्रामीणों ने मांग की है कि लोक निर्माण विभाग जल्द से जल्द इस संपर्क मार्ग का निर्माण कराकर लोगों को राहत दिलाए।
