समाजवादी मजदूर सभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में 2027 चुनाव की तैयारियों पर मंथन, संगठन विस्तार की बनी रणनीति

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0
समाजवादी मजदूर सभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में 2027 चुनाव की तैयारियों पर मंथन, संगठन विस्तार की बनी रणनीति

लखनऊ। आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों और उनके आनुषंगिक संगठनों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में समाजवादी मजदूर सभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक लखनऊ स्थित दारुल सफा सभागार में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को प्रदेश के प्रत्येक जनपद और बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मेहरोत्रा शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजवादी मजदूर सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल निगम वारसी ने की, जबकि संचालन संगठन के राष्ट्रीय महासचिव अमित यादव ने किया।

बैठक के दौरान संगठनात्मक मजबूती, विस्तार और पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपने के विषय पर विचार-विमर्श हुआ। साथ ही प्रदेश के प्रत्येक जिले में समाजवादी मजदूर सभा की इकाइयों का गठन कर संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय बनाने की रणनीति तैयार करने पर जोर दिया गया।

मुख्य अतिथि विधायक रविदास मेहरोत्रा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार के कार्यकाल में किसान, मजदूर, छात्र, नौजवान, महिलाएं और खिलाड़ी सहित समाज के विभिन्न वर्गों के साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता का भाजपा से मोहभंग हो रहा है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए लोग उत्सुक हैं।

अध्यक्षीय संबोधन में राहुल निगम वारसी ने कहा कि सामाजिक न्याय, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के संकल्प के साथ संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी निभाएगा। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे समाजवादी विचारधारा और आदर्शों को प्रदेश के मजदूरों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

राष्ट्रीय महासचिव अमित यादव ने अपने संबोधन में लोकनायक जयप्रकाश नारायण के संपूर्ण क्रांति आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस जनचेतना के साथ उस दौर में लोकतांत्रिक परिवर्तन का संदेश दिया गया था, उसी भावना के साथ PDA आंदोलन में नया संकल्प सामने आ रहा है। उन्होंने नारा दिया— "सिंहासन खाली करो, समाजवादी आ रहे हैं!"

अमित यादव ने कहा कि यह नारा सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा, लोकतांत्रिक अधिकारों और PDA की एकजुटता की भावना को व्यक्त करता है। उन्होंने संगठन के लक्ष्य को स्पष्ट करते हुए कहा कि मजदूरों, किसानों, नौजवानों, शोषितों, वंचितों और समाज के कमजोर वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाना समाजवादी मजदूर सभा की प्राथमिकता है।

उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय, समर्पण और एकजुटता के साथ संगठन को मजबूत करने तथा समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बैठक में मीनू भारती, इसरार मलिक, राहुल रावत, यदुवेंद्र यादव, कृष्ण मोहन श्रीवास्तव, विद्यानाथ कमल, राकेश सिंह कुशवाहा, डॉ. अभिषेक कुमार शर्मा, रीना कौर, फरजान रईस हैदर, आजाद राय, महिमा शर्मा, चांद सैफी, इन्द्रेश पुष्कर, संदीप कुमार श्रीमाली, रविंद्र राजपूत, अवधेश कोरी, प्रमोद अग्रहरि, फरहान सिद्दीकी और जितेंद्र कुमार चौधरी सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


📰 मूल खबर यहां पढ़ें — aavaj.com

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)