सड़क हादसे में 22 वर्षीय दिव्यम की मौत

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0

21 नवंबर को होनी थी बहन की शादी, निमंत्रण देकर ननिहाल से लौटते समय दो बाइकों में हुई भीषण भिड़ंत; दो युवक घायल
जौनपुर। सरपतहां घर में बहन की शादी की तैयारियां चल रही थीं। 21 नवंबर को शादी होनी थी। भाई दिव्यम दूबे रिश्तेदारों को निमंत्रण देने निकला था, लेकिन किसे पता था कि बहन की शादी की खुशियां मातम में बदल जाएंगी। मंगलवार को सड़क हादसे में 22 वर्षीय दिव्यम की दर्दनाक मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। बहन की डोली उठने से पहले ही इकलौते भाई की अर्थी उठने की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार सरपतहां थाना क्षेत्र के अमावांकला गांव निवासी दिव्यम दूबे मंगलवार की सुबह अपने एक मित्र के साथ बहन की शादी का निमंत्रण देने खुटहन थाना क्षेत्र के डिहिया गांव स्थित अपने ननिहाल गया था। वहां से वापस लौटते समय दशगरपारा गांव के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दिव्यम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों बाइकों पर सवार दो अन्य युवक घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जौनपुर मेडिकल कॉलेज भेजवाया। पुलिस ने दिव्यम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जाता है कि दिव्यम अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी भी उसी के कंधों पर थी। जिस घर में कुछ दिनों बाद शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहां अब चीख-पुकार और मातम पसरा हुआ है। हादसे ने न सिर्फ एक परिवार की खुशियां छीन लीं, बल्कि पूरे गांव को गमगीन कर दिया।

📰 मूल खबर यहां पढ़ें — aavaj.com

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)