*# खूशबू जायसवाल ने काशी की नगरी में बढ़ाया शाहगंज का गौरव, दैनिक भास्कर के ‘तेजस्विनी नारी – नया यूपी’ कार्यक्रम में हुईं सम्मानित*

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0

चन्दन जायसवाल
शाहगंज जौनपुर।अपनी मेहनत, लगन और समाजसेवा के दम पर सफलता की नई पहचान बनाने वाली निहारिका ब्यूटी सैलून की डायरेक्टर खूशबू जायसवाल ने काशी विश्वनाथ की नगरी वाराणसी में शाहगंज का गौरव बढ़ाया। दैनिक भास्कर की ओर से आयोजित **‘तेजस्विनी नारी – नया यूपी’** कार्यक्रम में उन्हें उनके उत्कृष्ट कार्यों, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक योगदान के लिए मंच पर सम्मानित किया गया।

यह कार्यक्रम उन महिलाओं को समर्पित था, जो स्वयं आत्मनिर्भर बनकर आगे बढ़ रही हैं और अन्य महिलाओं एवं जरूरतमंद लोगों को रोजगार और व्यवसाय के अवसर प्रदान कर रही हैं। समाज के प्रति समर्पण और सेवा भावना से कार्य करने वाली ऐसी नारीशक्ति को दैनिक भास्कर की ओर से सम्मानित किया गया।

खूशबू जायसवाल पिछले 15 वर्षों से अपनी मेहनत और संघर्ष के बल पर निहारिका ब्यूटी सैलून को एक प्रतिष्ठित पहचान दिलाने में निरंतर प्रयासरत हैं। उनकी विशेष उपलब्धि यह है कि वह अपने सैलून के माध्यम से जरूरतमंद बच्चियों एवं महिलाओं को निःशुल्क ब्यूटी ट्रेनिंग प्रदान करती हैं। साथ ही उन्हें रोजगार उपलब्ध कराने, आत्मनिर्भर बनाने और स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के लिए भी प्रेरित करती हैं।

खूशबू जायसवाल का मानना है कि महिलाओं को केवल सम्मान ही नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी मिलना चाहिए। इसी सोच के साथ वह लगातार महिला सशक्तिकरण, रोजगार सृजन और सामाजिक कार्यों में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से भी उनका काफी व्यापक जुड़ाव है, जिसके जरिए वह लोगों से संपर्क बनाए रखती हैं और सामाजिक गतिविधियों में सहभागिता करती हैं।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सेलिब्रिटी करिश्मा तन्ना रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथियों में वाराणसी के भाजपा विधायक नीलकंठ तिवारी, राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्रा, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल एवं मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में महिलाएं एवं गणमान्य लोग शामिल हुए। आयोजकों की ओर से अतिथियों के लिए भोजन एवं नाश्ते की भी समुचित व्यवस्था की गई थी।

खूशबू जायसवाल को मिले इस सम्मान से शाहगंज क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है। उनकी यह उपलब्धि उन महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत है, जो अपने सपनों को साकार करने के साथ-साथ दूसरों की जिंदगी में भी सकारात्मक बदलाव लाना चाहती हैं।


📰 मूल खबर यहां पढ़ें — aavaj.com

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)