जिलाधिकारी के आदेश पर हुई कार्रवाई, सार्वजनिक उद्घोषणा के बाद नौ लोगों को जनपद की सीमा के बाहर छोड़ा गया; जिला बदर अवधि में बिना अनुमति जिले में प्रवेश करने पर रोक
जौनपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए खुटहन पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की है। बुधवार, 4 नवंबर 2026 को पुलिस टीम ने संबंधित लोगों के गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों की मौजूदगी में डुगडुगी पिटवाकर सार्वजनिक रूप से मुनादी कराई।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई जिलाधिकारी जौनपुर के आदेश के अनुपालन में उत्तर प्रदेश गुण्डा नियंत्रण अधिनियम की धारा 3(1) के तहत की गई। जिला बदर किए गए सभी नौ लोगों को जनपद की सीमा के बाहर छोड़ा गया और आदेश में निर्धारित शर्तों एवं प्रतिबंधों का पालन करने की हिदायत दी गई।
पुलिस ने संबंधित लोगों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जिला बदर की अवधि के दौरान सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना जनपद की सीमा में प्रवेश न करें। कार्रवाई के दौरान गांव के लोगों को भी जिला बदर आदेश की जानकारी दी गई।
थाना खुटहन पुलिस की ओर से जारी विवरण के मुताबिक, जिला बदर किए गए लोगों में सूरज यादव निवासी बसवरिया बनुवाडीह, अरविन्द निवासी कानामऊ, शौकत अली निवासी पटैला, तालिब अन्सारी निवासी पटैला, कृष्णा कुमार यादव निवासी शेरापट्टी, अब्दुल रहमान उर्फ मिन्टू निवासी पटैला, सलमान निवासी मखदूमपुर, रोशन अन्सारी निवासी पटैला और मो. जफर उर्फ मुन्ना निवासी पटैला शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश तथा पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी शाहगंज के निर्देशन एवं पर्यवेक्षण में की गई।
