Jaunpur News कुएं के अंदर मोनोब्लॉक मशीन से निकला धुआं बना काल, दम घुटने से दो कर्मचारियों की मौत

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0

केराकत में कुएं के भीतर काम कर रहे थे दोनों कर्मचारी, बचाव के लिए पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद निकाले शव

जौनपुर। केराकत थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। कुएं के अंदर मोनोब्लॉक मशीन बनाने का काम कर रहे दो कर्मचारियों की धुएं से दम घुटने के कारण मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब चार बजे दोनों कर्मचारी एक कुएं के अंदर मोनोब्लॉक मशीन बनाने के काम में जुटे थे। इसी दौरान मशीन से अचानक धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते कुएं के भीतर धुआं भर गया और ऑक्सीजन की कमी के चलते दोनों कर्मचारियों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। कुछ ही देर में दोनों की हालत गंभीर हो गई।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान शिवबालक (25) पुत्र बिंदु निवासी शेषा पट्टी, थाना केराकत और कन्हैया लाल चौहान (50) पुत्र भगेलू चौहान निवासी सुचितपुर भोगी पट्टी, थाना केराकत के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि धुएं से घिरने के बाद शिवबालक ने रस्सी के सहारे कुएं से बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान उसका हाथ छूट गया और वह दोबारा कुएं में जा गिरा। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया।

काफी प्रयास के बाद दोनों कर्मचारियों को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एक ही हादसे में दो लोगों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।


📰 मूल खबर यहां पढ़ें — aavaj.com

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)