जौनपुर। यूपीएससी 2024 परीक्षा परिणाम में जौनपुर के लाल गौतम सिंह ने शानदार सफलता हासिल करते हुए ऑल इंडिया 526वीं रैंक प्राप्त की है। गौतम, नेहरू बालोद्यान स्कूल जौनपुर के चेयरमैन डॉ. सीडी सिंह के पुत्र हैं। जैसे ही यह शुभ समाचार मिला, परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। रिश्तेदारों, शुभचिंतकों और परिचितों द्वारा बधाई देने का सिलसिला जारी है।
गौतम सिंह मूल रूप से जौनपुर जिले के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनिकपुर गांव के निवासी हैं। उन्होंने इंटरमीडिएट तक की शिक्षा नेहरू बालोद्यान स्कूल जौनपुर से प्राप्त की। इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय से इतिहास (History) में ऑनर्स की डिग्री हासिल की। वर्तमान में वे दिल्ली स्थित सेंट्रल लॉ कैंपस से एलएलबी कर रहे हैं और साथ ही साथ सिविल सेवा की तैयारी भी कर रहे थे।
गौतम को यह सफलता दूसरे प्रयास में मिली है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया है।
उल्लेखनीय है कि गौतम की इस उपलब्धि ने जौनपुर का नाम एक बार फिर गौरवान्वित किया है।