प्रतापगढ़। जनपद के थाना आसपुर देवसरा क्षेत्र के ग्राम पुरे में रविवार सुबह एक युवक ने पारिवारिक विवाद के चलते खुद को गोली मारकर आत्महत्या का प्रयास किया। घायल युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना के अनुसार, विकास यादव (32 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय राम लखन यादव, निवासी ग्राम पुरे, रविवार सुबह अपनी पत्नी से ₹1000 की मांग कर रहा था। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी और विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर विकास यादव ने घर से कुछ दूरी पर जाकर तमंचे से खुद को गोली मार ली।
परिवार के लोगों ने उसे घायल अवस्था में तत्काल बदलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना अध्यक्ष आसपुर देवसरा मौके पर पहुंचे और फिर जिला अस्पताल जाकर घायल युवक का हालचाल लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।