जौनपुर। सराय ख्वाजा क्षेत्र स्थित इन्दिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम सिद्दीकपुर में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित प्रदेश स्तरीय महिला वॉलीबाल एवं खो-खो प्रतियोगिता का तीसरे व फाइनल दिन 27 दिसंबर 2025 को भव्य समापन हुआ। इस मौके पर दोनों खेलों में विजेता, उपविजेता और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि सुनील कुमार यादव मम्मन (ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि, करंजाकला) रहे। उनका स्वागत क्रीड़ा अधिकारी जौनपुर चन्दन सिंह द्वारा पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर किया गया। कार्यक्रम में जिला वॉलीबाल संघ जौनपुर के सचिव महावीर प्रसाद सिंह, जिला हैंडबॉल संघ के सचिव निखिल सिंह, अंतरराष्ट्रीय तलवारबाजी खिलाड़ी सोमेश कुमार गुप्त, अंतरराष्ट्रीय रेफरी राजकुमार यादव सहित अनेक खेल प्रशिक्षक व गणमान्य उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि आज इन्दिरा गांधी स्टेडियम की जो सशक्त और आकर्षक छवि दिखाई दे रही है, उसमें माननीय प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री के साथ ही श्री गिरीश चन्द्र यादव, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश शासन की भूमिका सराहनीय है। उनके नेतृत्व में सिद्दीकपुर स्टेडियम का सर्वांगीण विकास संभव हो सका है। अंत में क्रीड़ा अधिकारी द्वारा मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया।
खो-खो प्रतियोगिता में पहले सेमीफाइनल में गोरखपुर ने आजमगढ़ को 12-6 अंकों से हराया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में वाराणसी ने बस्ती को 8-3 से पराजित किया। तृतीय स्थान के मुकाबले में बस्ती ने आजमगढ़ को 3-1 से हराया। फाइनल में वाराणसी ने गोरखपुर को 4-3 अंकों से हराकर खिताब अपने नाम किया।
वॉलीबाल प्रतियोगिता में क्वार्टर फाइनल से लेकर फाइनल तक रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। फाइनल में आजमगढ़ और अयोध्या की टीम आमने-सामने रहीं, जहां संघर्षपूर्ण मुकाबले में आजमगढ़ ने 25-22, 20-25, 25-18, 25-22 अंकों से जीत दर्ज कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अयोध्या की टीम उपविजेता रही। तृतीय स्थान के मुकाबले में गोरखपुर ने मिर्जापुर को सीधे सेटों में पराजित किया।
प्रदेश स्तरीय इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन से खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिला और जौनपुर एक बार फिर खेल गतिविधियों के केंद्र के रूप में उभरता नजर आया।
आवाज़ न्यूज़

