Aawaz News
जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के हौज पोखरा गांव की रहने वाली एक महिला को पुलिस ने उसके चार बच्चों के साथ जफराबाद रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया। महिला पति से विवाद के बाद घर से चली गई थी। पति की सूचना पर पुलिस लगातार तलाश में जुटी थी।
जानकारी के अनुसार हौज पोखरा गांव निवासी संतोष चौहान का अपनी पत्नी पार्वती चौहान से आए दिन घरेलू विवाद होता रहता था। गुरुवार को विवाद के बाद पार्वती चौहान अपनी पुत्री रितु चौहान, प्रिया चौहान तथा पुत्र रामकेश्वर चौहान व ज्ञानकेश्वर चौहान को साथ लेकर घर से निकल गई।
काफी खोजबीन के बाद भी जब पत्नी और बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला तो संतोष चौहान ने जफराबाद थाने में सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और संभावित स्थानों पर तलाश शुरू कर दी।
शुक्रवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ल ने पुलिस टीम के साथ महिला और उसके चारों बच्चों को जफराबाद रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि महिला ट्रेन से कहीं और जाने की फिराक में थी।
थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ल ने बताया कि महिला व बच्चों को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की गई है।
.png)
