Jaunpur News जलालपुर हाईवे पर हादसे के बाद लूट: चांदी से भरा बैग लेकर बाइक सवार बदमाश फरार

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0

आवाज़ न्यूज़ 

 जौनपुर।

थाना जलालपुर क्षेत्र में हाईवे पर हुए सड़क हादसे के बाद बाइक सवार बदमाशों ने आभूषण बनाकर बाजारों में बेचने वाले एक युवक का चांदी के जेवरात से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।



जानकारी के अनुसार वाराणसी जनपद के रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोदोपुरथाला गांव निवासी कन्हैया वर्मा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनका पुत्र आशीष वर्मा चांदी के आभूषण तैयार कर विभिन्न बाजारों में बिक्री करता है।

बताया गया कि सोमवार की रात करीब 10 बजे आशीष अपने साथी द्वारश खरवार के साथ जौनपुर बाजार से चांदी के आभूषण बेचकर बाइक से घर लौट रहा था। जैसे ही वे जलालपुर अंडरपास के ऊपर हाईवे पर पहुंचे, अचानक बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े।

इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात बदमाश मौके पर पहुंचे और सड़क पर गिरे आशीष के पास रखा चांदी के जेवरात से भरा बैग उठाकर फरार हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे।

पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)